प्रेरणा ज़ुबैरी
नवीन मंडी में किसानों-मजदूरों से मिले कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा, समस्याओं पर की चर्चाइटावा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं एआईसीसी ऑब्जर्वर रामकिशन ओझा ने सोमवार को अपने तीन दिवसीय इटावा दौरे के दौरान नवीन मंडी का दौरा किया। उनके साथ पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सुबह करीब 8:30 बजे मंडी पहुंचकर कांग्रेस नेताओं ने किसानों, आढ़तियों और खेतिहर मजदूरों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
किसानों से बातचीत के दौरान रामकिशन ओझा ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। उनका आरोप था कि सरकारी नीतियों के कारण किसानों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लागत बढ़ने और फसलों का उचित दाम नहीं मिलने से खेती किसानों के लिए लगातार मुश्किल होती जा रही है। आर्थिक संकट के चलते कई किसान मजदूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान और उनकी आय को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।खेतिहर मजदूरों की स्थिति पर भी कांग्रेस नेताओं ने चिंता जताई। ओझा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को पूरे वर्ष नियमित रोजगार नहीं मिल पाता। कई मजदूरों को ऑफ-सीजन में रोजगार के लिए भटकना पड़ता है। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी और रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान ने महिला श्रमिकों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समान कार्य के बावजूद महिलाओं को कम मजदूरी मिलने की शिकायतें सामने आती हैं। उन्होंने महिला मजदूरों को समान पारिश्रमिक और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण मजदूरों और किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रही है और आगे भी उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।रामकिशन ओझा ने मंडी में मौजूद किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनकी समस्याओं को संगठन के स्तर पर उठाएगी। उन्होंने लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए लोगों से कांग्रेस के साथ जुड़ने की अपील की।
इस दौरान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान, आढ़ती और खेतिहर मजदूर मौजूद रहे।


